– परिवार परामर्श केन्द्र में काउंसलिंग से सुलझा पारिवारिक विवाद
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में संचालित मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) अभियान के अंतर्गत साथ-साथ कार्यक्रम के तहत परिवार परामर्श केंद्र द्वारा एक परिवार को टूटने से बचाते हुए दंपति के बीच सफल सुलह-समझौता कराया गया।
परिवारों को जोड़ने और वैवाहिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत मंगलवार को परिवार परामर्श केंद्र में एक प्रकरण की सुनवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक संगीता सिंह एवं महिला आरक्षी अनीता मिश्रा ने दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और आपसी संवाद स्थापित कराया। काउंसलिंग के दौरान दंपति ने अपने वैचारिक मतभेद और मनमुटाव को भुलाकर पुनः एक साथ रहने की सहमति जताई। दोनों ने भविष्य में आपसी समझ और सहयोग से वैवाहिक जीवन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महिला आरक्षी यशस्वी शर्मा भी मौजूद रहीं। परिवार परामर्श केंद्र की इस पहल को परिजनों ने सराहा और इसे टूटते परिवारों को जोड़ने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास बताया। पुलिस विभाग द्वारा संचालित साथ-साथ कार्यक्रम लगातार पारिवारिक विवादों के समाधान और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now