CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद के बेरोजगार एवं स्वरोजगार स्थापित करने के इच्छुक युवाओं के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत विनिर्माण एवं सेवा क्षेत्र में नए उद्यम स्थापित करने हेतु आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र ने पात्र युवाओं से ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि योजना का लाभ 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवाओं को मिलेगा, जिन्होंने कम से कम हाईस्कूल या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण की हो और स्वयं का रोजगार स्थापित करना चाहते हों। इच्छुक अभ्यर्थी निवेश मित्र पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना के तहत विनिर्माण क्षेत्र में 25 लाख रुपये तक तथा सेवा क्षेत्र में 10 लाख रुपये तक की परियोजनाओं के लिए ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। लाभार्थियों को नियमानुसार 5 से 10 प्रतिशत तक स्वयं का अंशदान करना होगा। इसके साथ ही परियोजना लागत पर 25 प्रतिशत तक अनुदान भी दिया जाएगा, जो दो वर्षों तक इकाई के सफल संचालन और नियमित ऋण अदायगी के बाद परियोजना में समायोजित कर दिया जाएगा। आवेदन के समय अभ्यर्थियों को आयु प्रमाण पत्र, हाईस्कूल अंकपत्र एवं प्रमाणपत्र, फोटो, हस्ताक्षर, जाति प्रमाण पत्र, पैन कार्ड, बिजली बिल, ग्राम प्रधान, सभासद या नगर निकाय द्वारा जारी निवास संबंधी प्रमाण पत्र, प्रोजेक्ट रिपोर्ट तथा नोटरी द्वारा प्रमाणित शपथ पत्र की प्रति ऑनलाइन अपलोड करनी होगी। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एमएसएमई विभाग के पोर्टल अथवा कार्यालय से किसी भी कार्यदिवस में प्राप्त की जा सकती है।
