फोटो परिचय- बैठक में मौजूद पूर्व सैनिक उत्थान समिति महिला संगठन की पदाधिकारी।

– निजी अस्पतालों, रेस्टोरेंट और कोचिंग सेंटरों के बाहर सड़क पर खड़े वाहनों से लग रहा जाम

– फुटपाथों पर कब्जे से राहगीरों को सड़क पर चलने की मजबूरी, आईटीआई रोड पर छात्राओं की सुरक्षा पर उठे सवाल

सिटी न्यूज फतेहपुर

फतेहपुर(CNF)। शहर में लगातार बढ़ती यातायात अव्यवस्था और सड़कों के किनारे हो रहे अतिक्रमण को लेकर पूर्व सैनिक उत्थान समिति महिला संगठन ने चिंता जताई है। रविवार को दक्षिणी गौतम नगर स्थित संगठन कार्यालय में अध्यक्ष मधुलता यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर की प्रमुख सड़कों पर बेतरतीब पार्किंग, फुटपाथों पर कब्जे और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। संगठन ने नवरात्र के बाद प्रशासन से मिलकर अभियान चलाने और समस्या के समाधान की मांग करने का निर्णय लिया।

महिला अध्यक्ष जागृति तिवारी ने कहा कि वर्मा चौराहा से राधानगर और पटेल नगर तक शहर की व्यस्त सड़कों के किनारे लगातार निजी अस्पताल, रेस्टोरेंट, कोचिंग सेंटर और अन्य व्यावसायिक संस्थान बढ़ रहे हैं। इनमें से अधिकांश प्रतिष्ठानों के पास ग्राहकों के वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं है। इसके चलते दोपहिया और चारपहिया वाहन सड़क के किनारे खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे दिनभर यातायात प्रभावित होता है।

उन्होंने कहा कि मुख्य मार्गों पर वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग से जाम की समस्या के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है। वहीं फुटपाथों पर दुकानदारों और अन्य लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण पैदल चलने वाले लोगों के लिए रास्ता नहीं बचता। मजबूरन राहगीरों को सड़क पर चलना पड़ता है।

बैठक में विशेष रूप से आईटीआई रोड की स्थिति पर चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने कहा कि इस मार्ग पर शिक्षण संस्थानों और कोचिंग सेंटरों की संख्या अधिक होने के कारण छात्राओं का आवागमन बना रहता है। फुटपाथ खाली न होने और सड़क किनारे वाहनों के खड़े रहने से छात्राओं को भी मुख्य सड़क से होकर गुजरना पड़ता है। संगठन ने इसे यातायात व्यवस्था के साथ सुरक्षा से जुड़ा विषय बताते हुए प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

बैठक में आईटीआई के आसपास लगने वाले कपड़ों के बाजार से उत्पन्न यातायात समस्या पर भी चर्चा हुई। महिला संगठन की ओर से कुछ नगर पालिका कर्मचारियों पर दुकानदारों से अवैध वसूली के आरोप लगाए गए। संगठन ने इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पदाधिकारियों ने कहा कि फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने के साथ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर वाहनों की पार्किंग के लिए स्पष्ट व्यवस्था बनाई जानी चाहिए। संगठन नवरात्र के बाद प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर अभियान चलाने और शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग करेगा।

बैठक में सुमन मौर्य, सरोज शर्मा, साधना सिंह, विमला देवी, रोशनी, सुमित्रा देवी, रामा देवी, माया देवी सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now