पत्रकारों से बातचीत करते पूर्व डीजी डा. सूर्य कुमार शुक्ला।
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। पूर्व डीजी होमगार्ड एवं भाजपा के प्रदेश संयोजक सुशासन विभाग डॉ. सूर्य कुमार ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार के पिछले एक दशक के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि सरकार ने बुनियादी ढांचे, आर्थिक मजबूती, सामाजिक कल्याण और आंतरिक सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया है।
भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व डीजी डॉ. सूर्य कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन, प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीबों को पक्के मकान तथा आयुष्मान भारत के माध्यम से गरीब परिवारों को उपचार की सुविधा मिल रही है। गांवों में स्वच्छता और बिजली कनेक्शन के क्षेत्र में भी बड़े स्तर पर कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि रेलवे, सड़क, सिंचाई और सौर ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से विस्तार हुआ है। वंदे भारत ट्रेनों के संचालन, नई रेल लाइनों और पीएम-कुसुम योजना के तहत सोलर पंपों से किसानों को लाभ मिला है। औद्योगिक और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत में स्वदेशी रक्षा उपकरणों का निर्माण बढ़ा है और रक्षा निर्यात भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा है। वहीं उत्तर प्रदेश में सरकारी भर्तियों और निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़े हैं। डॉ. सूर्य कुमार ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण तथा काशी विश्वनाथ और महाकाल महालोक जैसे विकास कार्यों से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है। उन्होंने दावा किया कि पिछले दस वर्षों में आतंकवाद और आंतरिक सुरक्षा से जुड़ी घटनाओं में भी उल्लेखनीय कमी आई है।
