CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। मत्स्य पालन से जुड़े किसानों और इच्छुक लाभार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। मत्स्य विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में संचालित राज्य सेक्टर की विभिन्न योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब इच्छुक अभ्यर्थी पांच अगस्त तक विभागीय पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे।
प्रभारी मत्स्य अधिकारी ने बताया कि पहले आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित थी, लेकिन अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने के उद्देश्य से इसे बढ़ाकर पांच अगस्त कर दिया गया है। आवेदन विभागीय पोर्टल पर किए जा सकते हैं। विभाग के अनुसार जिन योजनाओं के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, उनमें मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, सघन मत्स्य पालन हेतु एयरेशन सिस्टम स्थापना योजना, उत्तर प्रदेश मत्स्य पालक कल्याण कोष के तहत मोपेड विद आइस बॉक्स परियोजना, माता सुकेता महिला मत्स्य पालक सशक्तिकरण परियोजना (केज स्थापना), अंतर्देशीय खारे जल क्षेत्रों में नए तालाब निर्माण एवं प्रथम वर्ष निवेश योजना, मोती संवर्धन योजना तथा विशिष्ट प्रजाति की मत्स्य हैचरी स्थापना योजना शामिल हैं। मत्स्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग आवेदन करना अनिवार्य होगा। योजनाओं की पात्रता, इकाई लागत, आवश्यक अभिलेख और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है। पूर्व वर्षों में जिन आवेदकों के आवेदन निरस्त हो गए थे या प्रतीक्षारत रहे थे, वे भी दोबारा आवेदन कर सकते हैं। जानकारी के लिए मत्स्य विभाग के जिला, मंडलीय अथवा निदेशालय कार्यालय से कार्य दिवसों में संपर्क किया जा सकता है।
