मेधावी छात्र को प्रतीकात्मक चेक देते जनप्रतिनिधि व डीएम।
– सात छात्रों को प्रदेश स्तर पर मिला एक लाख रुपये, लैपटॉप व मेडल
– डीएम ने ग्राम पंचायत स्तर पर पुस्तकदान अभियान चलाने के दिए निर्देश
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश स्तर पर लखनऊ में आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण सोमवार को महात्मा गांधी कलेक्ट्रेट सभागार में देखा गया। कार्यक्रम में जहानाबाद विधायक राजेन्द्र सिंह पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स सहित अन्य अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रेरणादायी उद्बोधन को सुना और आत्मसात किया।
जनपद स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन के साथ हुआ। जनपद में विभिन्न बोर्डों के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट स्तर के कुल 21 मेधावी छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। इनमें से सात मेधावी विद्यार्थियों को प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा एक-एक लाख रुपये का प्रतीकात्मक चेक, लैपटॉप, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं शेष 14 विद्यार्थियों को जनपद स्तर पर 21-21 हजार रुपये के प्रतीकात्मक चेक, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। विधायक राजेन्द्र सिंह पटेल ने मेधावी विद्यार्थियों को बधाई दी। भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने भी बच्चों की हौसला अफजाई की। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए को ग्राम पंचायत स्तर पर पुस्तकदान अभियान चलाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक, परियोजना निदेशक डीआरडीए, मेधावी छात्र-छात्राएं, उनके अभिभावक, शिक्षकगण एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now