फोटो परिचय- डीएम को ज्ञापन सौंपते उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी।
– बसों को परिसर के भीतर से चलाने और मेडिकल कॉलेज के सामने फुटओवर ब्रिज की मांग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। शहर में बिगड़ती यातायात व्यवस्था को दुरुस्त कराने और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने प्रशासन का रुख किया। जिलाध्यक्ष बृजेश सोनी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
ज्ञापन में कहा गया कि रोडवेज बसों का संचालन बस स्टेशन परिसर के बजाय बाहर से होने के कारण मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बनती है। व्यापार मंडल ने बसों का संचालन परिसर के अंदर से कराने की मांग की। इसके अलावा शादीपुर स्थित इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम को आबादी क्षेत्र से बाहर स्थानांतरित करने की मांग भी रखी गई।
पदाधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज के सामने फुटओवर ब्रिज बनवाने पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि मरीजों और तीमारदारों को हाईवे पार करके मेडिकल कॉलेज पहुंचना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। साथ ही सड़कों के बीच लगे विद्युत पोलों को हटाकर किनारे स्थानांतरित कराने तथा सड़क सुरक्षा समिति में व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों को शामिल करने की मांग की गई।
इस दौरान जिला संरक्षक विनोद गुप्ता, जिला प्रभारी संजय गुप्ता, रज्जन गुप्ता, संजय जौहरी, मो. आसिफ एडवोकेट, अनीत अग्रहरि एडवोकेट, धीरज कुमार, बृजेंद्र यादव एडवोकेट सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
