गांधी मैदान में योग करते जनप्रतिनिधि व अन्य लोग
नशा मुक्त भारत के संकल्प के साथ गूंजा गांधी मैदान
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को महात्मा गांधी मैदान में आयोजित जिला स्तरीय भव्य योग कार्यक्रम में पूरा जनपद योगमय नजर आया। ष्स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योगष् विषय पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री कृष्णा पासवान, जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, शासन की नामित अधिकारी डॉ. सारिका मोहन, जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक तथा मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया, जिसमें योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ भारत के निर्माण का संदेश दिया गया। प्रशिक्षित योगाचार्यों के निर्देशन में हजारों लोगों ने एक साथ योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। पूरे मैदान में अनुशासन और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। राज्य मंत्री कृष्णा पासवान ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जो आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रही है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक सोच का आधार है। उन्होंने सभी नागरिकों से नियमित योगाभ्यास अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने मुख्य अतिथि एवं शासन की नामित अधिकारी डॉ. सारिका मोहन को स्मृति चिन्ह एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया। वहीं जनपद की सभी तहसीलों, विकास खंडों, नगर निकायों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, पुलिस लाइन और विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया, जहां हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर निरोगी जीवन और विकसित राष्ट्र निर्माण का संकल्प लिया। योग दिवस कार्यक्रम के उपरांत ष्मेरा भारत नशा मुक्त भारत अभियानष् का भी शुभारंभ किया गया। राज्य मंत्री कृष्णा पासवान, डॉ. सारिका मोहन, जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक तथा ब्रह्माकुमारी संस्थान की प्रतिनिधियों ने नशा मुक्ति संदेश वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने नशे से दूर रहने और समाज को नशा मुक्त बनाने की शपथ ली। ब्रह्माकुमारी ज्वालागंज केंद्र की प्रभारी नीरा दीदी ने कहा कि नशीले पदार्थों से मिलने वाली क्षणिक राहत अंततः व्यक्ति और समाज दोनों के लिए घातक सिद्ध होती है। उन्होंने कहा कि परिवार, विद्यालय, स्वास्थ्य संस्थान और आध्यात्मिक संगठन मिलकर ही नशा मुक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं। राजयोग व्यक्ति को आत्मबल प्रदान कर जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम बनता है। योग और नशा मुक्ति के दोहरे संदेश के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों, अधिकारियों, अधिवक्ताओं, समाजसेवियों और युवाओं ने भाग लिया। पूरे जनपद में स्वास्थ्य, जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश प्रसारित करते हुए अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया।
