आक्रोशित लोगों को शांत कराती पुलिस।
– स्थानीय लोगों का फूटा गुस्सा, बांदा-सागर मार्ग पर लगाया जाम
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। जिला अस्पताल टीकाकरण कराने जा रही गर्भवती महिला की रोडवेज बस की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बांदा-सागर मार्ग पर जाम लगाकर जोरदार प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे तक चले जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
जानकारी के अनुसार थरियांव थाना क्षेत्र के खैरहा गांव निवासी सुजान की पत्नी खुशबू देवी अपने भाई दीपक निवासी देवीगंज थाना राधानगर के साथ बाइक से जिला अस्पताल जा रही थीं। सुबह लगभग 10 बजे जैसे ही उनकी बाइक देवीगंज पुल के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि खुशबू देवी बस के नीचे आ गईं और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। गर्भवती महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और बांदा-सागर मार्ग पर जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने मृतका के परिजनों को आर्थिक सहायता, दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी तथा सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की। जाम के चलते करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया। थाना प्रभारी श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने बताया कि रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार गर्भवती महिला की मौत हुई है। हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस बस और चालक की तलाश कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है। गर्भवती महिला की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्रीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के संचालन पर अंकुश लगाने और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now