– करीब दो सौ किसानों ने किया प्रतिभाग, प्रदर्शन को मिली सराहना
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026 में जनपद के किसानों ने अपनी उत्कृष्ट भागीदारी से अलग पहचान बनाई। राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान विभूति खंड गोमतीनगर में 3 से 5 जुलाई तक आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव में जिले के लगभग दो सौ किसानों ने हिस्सा लेकर आम की विभिन्न प्रजातियों एवं उनसे तैयार उत्पादों का प्रदर्शन किया, जिसे विशेषज्ञों और आगंतुकों ने खूब सराहा।
जिला उद्यान अधिकारी डॉ. रमेश पाठक के नेतृत्व में प्रगतिशील किसान संतलाल मौर्य, नीतू सिंह, नागेश द्विवेदी, दुर्गेश सिंह सहित सभी विकास खंडों के किसानों ने महोत्सव में जनपद का प्रतिनिधित्व किया। किसानों ने आम की उन्नत किस्मों और मूल्य संवर्धित उत्पादों की प्रदर्शनी लगाकर जिले की बागवानी क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया। महोत्सव में आमों की गुणवत्ता और स्वाद को मिली सराहना के बाद किसानों में उत्साह का माहौल है। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में जिले के आम और उनसे बने उत्पाद राष्ट्रीय बाजार के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में भी अपनी पहचान बनाएंगे। जिले में उद्यान विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन एवं सहयोग से किसान परंपरागत खेती के साथ-साथ औद्यानिक फसलों की ओर तेजी से आकर्षित हो रहे हैं। आधुनिक तकनीकों को अपनाकर आम की व्यावसायिक खेती करने वाले किसान बेहतर आय अर्जित कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं तथा अपने परिवार के आर्थिक स्तर को भी मजबूत कर रहे हैं। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. रमेश पाठक ने कहा कि विभाग किसानों को उन्नत तकनीक, प्रशिक्षण और आवश्यक सहयोग उपलब्ध करा रहा है, जिससे जिले में औद्यानिक खेती लगातार नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने किसानों से आधुनिक बागवानी को अपनाकर आम सहित अन्य फल फसलों की खेती को बढ़ावा देने की अपील की।
