पुलिस लाइन में फायर सेफ्टी मॉकड्रिल पुलिस कर्मी
पुलिस लाइन में फायर सेफ्टी मॉकड्रिल
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। लखनऊ स्थित एक कोचिंग संस्थान में हुए दर्दनाक अग्निकांड और जनहानि की घटना के बाद फतेहपुर जिला प्रशासन एवं अग्निशमन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में चीफ फायर ऑफिसर जशवीर सिंह के निर्देश पर सोमवार को पुलिस लाइन परिसर में फायर सेफ्टी मॉकड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिसकर्मियों को आग लगने की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
मॉकड्रिल के दौरान अग्निशमन अधिकारी द्वितीय दीपक कुमार ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को आग लगने पर शुरुआती स्तर पर नियंत्रण पाने, आग को फैलने से रोकने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रभावी तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी अग्निकांड में शुरुआती कुछ मिनट सबसे महत्वपूर्ण होते हैं और समय रहते सही कदम उठाकर बड़े हादसे को टाला जा सकता है। प्रशिक्षण के दौरान फायर एक्सटिंग्विशर समेत विभिन्न अग्निशमन उपकरणों के संचालन का प्रदर्शन भी किया गया। पुलिसकर्मियों को उपकरणों के सही उपयोग और आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया देने के बारे में विस्तार से समझाया गया। अधिकारियों ने कहा कि आगजनी की घटनाओं से बचाव के लिए जागरूकता, सतर्कता और समय पर कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। लखनऊ हादसे के मद्देनजर आयोजित इस मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल को आपदा प्रबंधन के लिए तैयार करना तथा आमजन में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावी ढंग से राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा सकें।
