– जिलेभर में आचार संहिता के पालन को लेकर अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

– सरकारी परिसरों में बिना अनुमति चुनावी गतिविधियों पर रहेगी रोक

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव की घोषणा के बाद जिला प्रशासन ने चुनावी गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी है। निर्वाचन कार्यक्रम जारी होते ही जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। इसके अनुपालन को लेकर प्रशासन ने अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

अपर जिला मजिस्ट्रेट एवं प्रभारी अधिकारी आदर्श आचार संहिता विनय पाण्डेय ने सभी उप जिलाधिकारियों, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों तथा थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार सार्वजनिक एवं सरकारी संपत्तियों का इस्तेमाल चुनाव प्रचार के लिए नहीं किया जाना चाहिए।

प्रशासन ने सरकारी भवनों, कार्यालय परिसरों, चहारदीवारी तथा सार्वजनिक स्थलों पर लगे राजनीतिक पोस्टर, बैनर, होर्डिंग, झंडे, पंपलेट और वॉल पेंटिंग को हटाने के निर्देश दिए हैं। संबंधित अधिकारियों से कहा गया है कि पूर्व में लगाई गई प्रचार सामग्री को तत्काल हटवाकर स्थानों की साफ-सफाई भी सुनिश्चित कराई जाए।

इसके साथ ही सरकारी परिसरों में किसी राजनीतिक दल अथवा प्रत्याशी की ओर से बिना अनुमति सभा, बैठक या अन्य चुनावी कार्यक्रम आयोजित न होने देने के निर्देश दिए गए हैं। एडीएम ने अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने और आचार संहिता के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now