– पहचान पत्र देखकर ही करें सहयोग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आम जनता, व्यापारियों एवं खाद्य कारोबारियों को सतर्क करते हुए स्पष्ट किया है कि विभाग के खाद्य संवर्ग के सभी राजकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभागीय पहचान पत्र जारी कर दिए गए हैं। अब विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण तथा खाद्य प्रवर्तन संबंधी कार्रवाई के दौरान अनिवार्य रूप से अपना पहचान पत्र धारण करेंगे।
विभाग ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग का अधिकारी या कर्मचारी बताकर निरीक्षण अथवा अन्य कार्रवाई करता है, लेकिन विभागीय पहचान पत्र नहीं दिखाता है, तो उसे विभाग का अधिकृत अधिकारी न माना जाए और उसे किसी भी प्रकार का सहयोग न किया जाए। खाद्य विभाग ने कहा कि ऐसे संदिग्ध मामलों की जानकारी तत्काल जिलाधिकारी को देने के साथ-साथ विभाग के व्हाट्सएप नंबर 9793429747 एवं ई-मेल पर भी भेजी जाए, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके। विभाग ने व्यापारियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी निरीक्षण या कार्रवाई के दौरान संबंधित अधिकारी का विभागीय पहचान पत्र अवश्य देखें और सत्यापन के बाद ही सहयोग करें। यह व्यवस्था पारदर्शिता बढ़ाने तथा फर्जी अधिकारियों की गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से लागू की गई है।
