रक्तदाता को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
– दस रक्तवीरों ने बचाई जिंदगी की आस
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल में रक्त की कमी को देखते हुए इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी एवं पुलिस लाइन्स के संयुक्त संयोजन में रविवार को पुलिस लाइन्स चिकित्सालय में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का नेतृत्व इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक रहे, जबकि मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. यूबी सिंह एवं डॉ. प्रभाकांत सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शिविर का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक ने फीता काटकर किया। डॉ. अनुराग श्रीवास्तव एवं रेडक्रॉस पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों को बैज अलंकृत कर, मोतियों की माला, जय श्रीराम पटका एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। रक्तदान शिविर में कुल दस लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की, जबकि 25 लोगों ने आगामी रेडक्रॉस शिविरों में रक्तदान करने के लिए अपना पंजीकरण कराया। रक्तदान करने वालों में आरआई राजेश कुमार सिंह, सुनीता सिंह, सुनील, अनुराग सिंह, राहुल सिंह, अभय कुमार यादव, पवन कुमार, रावेंद्र तोमर, मुरलीधर यादव एवं देवेंद्र प्रताप सिंह शामिल रहे। मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक एवं रेडक्रॉस चेयरमैन डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने रक्तदान को सबसे बड़ा मानवीय दान बताते हुए लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। शिविर में रेडक्रॉस परिवार से कार्यकारिणी सदस्य चौतन्य कुमार, प्रबंध समिति सदस्य उमेश कुमार श्रीवास्तव तथा जिला अस्पताल रक्त केंद्र से डॉ. डीके वर्मा, डॉ. अरविंद यादव, अशोक शुक्ल, बृजकिशोर, अखिलेश, विनोद कुमार एवं अजय कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
