पुलिस की गिरफ्त में पथराव करने वाले अभियुक्त
वायरल वीडियो के बाद पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। शहर के शादीपुर चौराहे पर पुराने विवाद को लेकर हुई मारपीट और पथराव की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर मुकदमा दर्ज किया था।
जानकारी के अनुसार, 18 जून को सदर कोतवाली क्षेत्र के शादीपुर चौराहे पर दो पक्षों के बीच पुराना विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई और पथराव होने लगा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमा सक्रिय हुआ और मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 261/2026 के तहत संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया। जांच के दौरान पुलिस ने तनिष्क मिश्रा निवासी कृष्ण बिहारी नगर तथा शिवांग त्रिवेदी उर्फ राज त्रिवेदी निवासी कलेक्टरगंज की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सदर कोतवाली प्रभारी हेमंत मिश्रा ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं घटना में शामिल अन्य वांछित आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने और सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now