समाधान दिवस में परियादियों की समस्या सुनते अफसर
32 मामलों का मौके पर निस्तारण, योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचाने के निर्देश
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। तहसील बिंदकी में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को जनसमस्याओं की सुनवाई के दौरान कुल 217 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 32 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में विधायक जहानाबाद राजेन्द्र सिंह पटेल, जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही समाधान दिवस की सफलता का पैमाना है।
डीएम ने खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। ग्राम पंचायत सहायकों के माध्यम से पात्र लोगों के आवेदन कराकर उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाए, ताकि कोई भी जरूरतमंद सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे। राजस्व विभाग के अधिकारियों और लेखपालों को ग्राम सचिवालयों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित बैठने तथा गांव स्तर पर ही समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्राम चैपालों में संबंधित विभागों के अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया। किसानों के फॉर्मर रजिस्ट्रीकरण अभियान में तेजी लाने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष कैंप लगाकर छूटे हुए किसानों का शत-प्रतिशत पंजीकरण कराया जाए। वहीं स्कूल चलो अभियान के तहत शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने और ड्रॉपआउट बच्चों को विद्यालयों से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। समाधान दिवस में कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, पेंशन, सिंचाई, राजस्व सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
