मौके पर मौजूद जांच टीम व किसान नेता।
– किसान नेता ने डीएम से उच्चस्तरीय जांच की मांग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के तहसील बिंदकी संरक्षक एवं किसान नेता रज्जन सिंह ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर ग्राम पंचायत भाऊपुर के वर्तमान ग्राम प्रधान गंगा प्रसाद उर्फ केशव तथा उनके परिजनों पर सरकारी एवं ग्रामसभा की भूमि पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर पैमाइश कराने और कथित अतिक्रमण हटवाने की मांग की है।
शिकायती पत्र में रज्जन सिंह ने कहा है कि ग्राम पंचायत भाऊपुर तहसील बिंदकी तथा उससे सटे ग्राम दुलीखेड़ा तहसील बीघापुर जनपद उन्नाव की सीमाओं से लगी सरकारी एवं ग्रामसभा की भूमि पर पिछले लगभग 20 वर्षों से अवैध कब्जा किया गया है। उनका आरोप है कि ग्राम प्रधान और उनके परिवार के सदस्यों ने अपनी निजी भूमि से सटी सरकारी भूमि पर भी कब्जा कर रखा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में कई बार पैमाइश कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन निष्पक्ष जांच नहीं होने से कथित अवैध कब्जा नहीं हटाया जा सका। शिकायतकर्ता का कहना है कि दोनों गांवों के राजस्व अभिलेख सर्वे विभाग, उन्नाव के पास उपलब्ध हैं, इसलिए दोनों जनपदों के राजस्व अधिकारियों की संयुक्त कार्रवाई आवश्यक है। रज्जन सिंह ने जिलाधिकारी से मांग की है कि ग्राम प्रधान, उनके भाई, पत्नी, पुत्र, पुत्रियों, दामाद तथा अन्य परिजनों के नाम दर्ज भूमि का सत्यापन कराकर यदि सरकारी अथवा ग्रामसभा की भूमि पर अवैध कब्जा पाया जाए तो उसे तत्काल कब्जामुक्त कराया जाए। उन्होंने पूरे मामले की विस्तृत जांच, राजस्व पैमाइश और उच्च अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई कराने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने बताया कि जांच के लिए उन्नाव सर्वे टीम का गठन किया गया है, जिसमें सर्वे कानूनगो सुरेश कुमार, सर्वे लेखपाल योगेश कुमार, सर्वे लेखपाल फूलचंद्र रावत व चेनमैन रमाकांत शामिल हैं। टीम द्वारा शिकायतकर्ता रज्जन सिंह की मौजूदगी में ग्राम भाऊपुर की गाटा संख्या 68 (नवीन परती) सहित संबंधित भूमि की पैमाइश एवं जांच प्रस्तावित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now