पत्रकारों से वार्ता करते अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय एवं पीछे गिरफ्त में अभियुक्त।
– मास्टरमाइंड समेत पांच को पुलिस ने दबोचा, दो तमंचा, दो बाइक व कारतूस बरामद 
अजहर उद्दीन
सिटी न्यूज फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। सदर कोतवाली नगर क्षेत्र के बकंधा ईंट भट्ठे के पास मिले रामप्रकाश गुप्ता उर्फ लक्ष्मी हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक के 7.50 लाख रूपए हड़पने के बाद जब उसने अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की तो आरोपियों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। शराब पिलाकर सुनसान स्थान पर ले जाया गया और अवैध तमंचे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई। मामले में एक आरोपी अभी फरार है। इस पूरे प्रकरण की जानकारी अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने दी।
बताते चलें कि 29 जुलाई की सुबह बकंधा ईंट भट्ठे के पास एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। मृतक की पहचान राधानगर निवासी रामप्रकाश गुप्ता पुत्र रामसजीवन गुप्ता के रूप में हुई। 30 जुलाई को मृतक के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और अन्य माध्यमों से जांच शुरू की। विवेचना में पता चला कि मृतक का अपने पिता से पारिवारिक विवाद था। नवंबर 2024 में राधानगर स्थित मकान 75 लाख में बेचा गया। इसमें 37.50 लाख पिता को, 27.50 लाख मृतक को मिले, जबकि 10 लाख उसकी पुत्री के नाम एफडी कराए गए। इसी दौरान आरोपी अनिल कुमार ने मृतक के साथ संयुक्त बैंक खाता खुलवाकर उसके पैसों पर कब्जा जमा लिया। खाते का मोबाइल नंबर और लेन-देन भी आरोपी ही संचालित करता था। मृतक की नशे की लत का फायदा उठाकर उसे अपने घर पर ही रख लिया गया। जांच में सामने आया कि मृतक की रकम से करीब 2.50 लाख की बुलेट मोटरसाइकिल खरीदी गई और लगभग 5 लाख आरोपी अनिल ने अपने रिश्तेदार अक्षय उर्फ कृष्ण कुमार को निवेश के नाम पर दे दिए। इस तरह मृतक के 7.50 लाख आरोपियों के पास चले गए। जब उसने पैसे वापस मांगने शुरू किए तो हत्या की साजिश तैयार कर ली गई। पुलिस के मुताबिक घटना वाली रात आरोपी श्यामा ने रामप्रकाश को घर से नीचे बुलाया। इसके बाद शिवा और ईशू उसे मोटरसाइकिल से बकंधा-भैरमपुर मार्ग स्थित सुनसान इलाके में ले गए। वहां शराब पिलाने के बाद शिवा ने अवैध तमंचे से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने शनिवार को बकंधा ईंट भट्ठे के पास से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में शिवा लोधी, ईशू लोधी, अनिल कुमार, मीना और श्यामा शामिल हैं। जबकि अक्षय उर्फ कृष्ण कुमार अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त अपाचे और बुलेट मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन तथा 1310 नकद बरामद किए हैं। दोनों मोटरसाइकिलों को एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अनिल कुमार और उसकी पत्नी मीना के खिलाफ वर्ष 2021 में एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक हेमंत मिश्रा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्यदेव गौतम, उपनिरीक्षक राजकमल यादव, विधान सोनकर, प्रमेश, कांस्टेबल प्रवेंद्र कुमार, रामआशीष, महिला कांस्टेबल पल्लवी सिंह, वर्षा कुशवाहा, हेमा राज शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now