– नौ प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों में परखी गई भोजन सामग्री की गुणवत्ता
– सब्जी, रोटी, चावल, गेहूं और आटे समेत नौ नमूने जांच के लिए भेजे गए
– पांच दूध वाहनों से भी लिए गए विधिक नमूने, प्रयोगशाला रिपोर्ट का इंतजार
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सोमवार को जिले में विशेष जांच अभियान चलाया। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स के निर्देश तथा सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय वीरेंद्र सिंह कुशवाहा के निर्देशन में विभागीय टीमों ने अलग-अलग विद्यालयों और दूध वाहनों की जांच की।
अभियान के दौरान टीम ने अवधेशनगर, थरियांव, बक्सूपुर, कटोघन, बुधवन, दरवेशाबाद, चकअलियाबाद, खेलदार और रास्तोगीगंज स्थित प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों का निरीक्षण किया। यहां बच्चों को परोसे जाने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, खाद्य सामग्री के रखरखाव और तैयार भोजन की स्थिति को जांचा गया। टीम ने तैयार सब्जी, रोटी, चावल, गेहूं और आटे सहित कुल नौ खाद्य नमूने एकत्र किए। सभी नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
इसके अलावा खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले के अलग-अलग स्थानों पर दूध की आपूर्ति करने वाले पांच वाहनों की भी जांच की। दूध की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर सभी पांच वाहनों से विधिक नमूने लिए गए। बैरमपुर में रामनारायण के दूध वाहन से भैंस के दूध, मलाका में दीपक पाल के वाहन से भैंस के दूध, कटोघन में रामशंकर सिंह और प्रमोद सिंह के वाहनों से मिश्रित दूध तथा निबई मोड़, बिंदकी में संजीव सिंह के दूध वाहन से मिश्रित दूध का नमूना लिया गया।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार विद्यालयों से लिए गए खाद्य पदार्थों और दूध के सभी नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनुराधा कुशवाहा, धीरज कुमार दीक्षित, देवेश मिश्रा, सिद्धार्थ कुमार और दिनेश चंद्र समेत विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।
