CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना ललौली पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के खिलाफ आम्र्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और अपराध नियंत्रण के लिए जनपदभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार को थाना ललौली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे अभियुक्त पिन्टू पुत्र रहिमाल निवासी लदिगवा थाना ललौली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार अभियुक्त ललौली थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 156/26, धारा 333/109 बीएनएस में वांछित था। गिरफ्तारी के दौरान उसकी तलाशी लेने पर घटना में प्रयुक्त एक चाकू बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मुकदमे में धारा 4/25 आम्र्स एक्ट की बढ़ोत्तरी करते हुए आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को और मजबूत कर दिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेजते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। कार्रवाई में चैकी प्रभारी बहुआ उपनिरीक्षक अम्बरीश कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह, कांस्टेबल दीपक गुप्ता शामिल रहे।
