CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों के साथ कथित शोषण, वेतन असमानता और खराब कार्य परिस्थितियों को लेकर असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से कई औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन ने श्रम व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसी को लेकर जिलाधिकारी को एक शिकायत पत्र सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप और प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत में कहा गया है कि जिले की कई फैक्ट्रियों में श्रमिकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। वेतन भुगतान, कार्यस्थल की परिस्थितियों तथा श्रमिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। श्रमिकों का कहना है कि उनकी समस्याओं का लंबे समय से समाधान नहीं किया जा रहा है, जिसके चलते उन्हें प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी से मांग की है कि जनपद के सभी श्रमिक संगठनों, फैक्ट्री प्रबंधन और संबंधित विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में एक खुली बैठक आयोजित की जाए, ताकि श्रमिकों की समस्याओं को सीधे सुना जा सके और उनके समाधान का ठोस रास्ता निकाला जा सके। साथ ही श्रम विभाग द्वारा औद्योगिक इकाइयों का विशेष निरीक्षण कर श्रम कानूनों के अनुपालन की जांच कराई जाए। पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि समय रहते श्रमिकों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है, जिससे औद्योगिक माहौल तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। भविष्य में ऐसे विवादों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए एक स्थायी समन्वय समिति गठित करने की मांग भी उठाई गई है। शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी से श्रमिक हितों की रक्षा, औद्योगिक शांति बनाए रखने तथा श्रमिकों और उद्योग प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए शीघ्र एवं प्रभावी कदम उठाने की अपील की है। यह मामला अब जिले में श्रमिक अधिकारों और औद्योगिक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा का विषय बन गया है।
