कोतवाली परिसर में हाथ जोड़कर माफी मांगते आरोपी।
– महिलाओं व बच्चों के सामने एक युवक को पीटकर मचाया था उत्पात
सिटी न्यूज़ फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। शहर के चर्चित हिकमतउल्ला पार्क मारपीट कांड में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून का शिकंजा कस दिया है। सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं और बच्चों के सामने बेल्ट और चाकू से हमला कर दहशत फैलाने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
बताया जाता है कि शुक्रवार की शाम हिकमतउल्ला पार्क क्षेत्र में कुछ युवकों ने एक युवक को घेरकर उसके साथ मारपीट की थी। आरोपियों ने न केवल गाली-गलौज और बेल्ट से हमला किया, बल्कि धारदार हथियार चाकू से जानलेवा वार कर इलाके में सनसनी फैला दी थी। घटना के दौरान पार्क में महिलाएं और बच्चे भी मौजूद थे, जिससे लोगों में भय और आक्रोश का माहौल बन गया था। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने घटना को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस को तत्काल कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी के निर्देश पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने साक्ष्यों और जांच के आधार पर घटना में शामिल तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में मु0अ0सं0 234/2026 के तहत धारा 191(2), 115(2), 351(2) एवं 118(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी, मारपीट और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now