CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। कस्बे के सीएचसी हरदो में बढ़ती गर्मी और हीट स्ट्रोक के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष इंतजाम किए हैं। मरीजों को तत्काल राहत देने के लिए यहां एक अलग कोल्ड रूम तैयार किया गया है, जहां अत्यधिक गर्मी से प्रभावित लोगों का प्राथमिक उपचार किया जाता है। इस कोल्ड रूम में चिकित्सक सुभाष द्विवेदी और आयुष्मान मित्र प्रीतम अवस्थी की निगरानी में मरीजों की देखभाल की जा रही है।
अस्पताल प्रशासन ने वार्ड में दो एसी भी लगाए हैं, जिससे तापमान नियंत्रित रखा जा सके और मरीजों को राहत मिल सके। डॉक्टरों का कहना है कि हीट स्ट्रोक के मामलों में समय पर उपचार बेहद जरूरी होता है, इसलिए सभी स्टाफ को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। हाल ही में मंडोली गांव निवासी रामदास का मामला सामने आया, जो तीन दिन पहले खागा आया था। अचानक तेज गर्मी के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे बेचैनी होने लगी। सूचना मिलते ही अस्पताल स्टाफ ने तुरंत उसे कोल्ड रूम में भर्ती कर इलाज शुरू किया। समय पर उपचार मिलने से उसकी हालत में सुधार हुआ और सामान्य होने के बाद उसे वापस गांव भेज दिया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर सरल सोनी ने बताया कि गर्मी से प्रभावित मरीजों के लिए अलग से इलाज की व्यवस्था की गई है। साथ ही लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
