सड़क पर उड़ रही धूल, लोग हो रहे परेशान
– नौबस्ता रोड का रास्ता बाशिंदो के लिए बड़ी परेशानी
खागा, फतेहपुर(CNF)। कस्बे के नवबस्ता रोड पर धूल भरा रास्ता बाशिंदों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है। यहां रहने वाले लोगों को रोजाना उड़ती धूल का सामना करना पड़ता है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है।
मोहल्ला निवासी कोमल सिंह, बड़का, पिंटू सिंह, पोली तिवारी और उमेश सिंह ने बताया कि ठेकेदार ने रास्ते में आरसीसी डालकर सड़क बनाने का कार्य शुरू तो किया, लेकिन उसे पूरा करना भूल गए। इसके कारण सड़क कच्ची और धूलभरी बनी हुई है। दिनभर वाहनों की आवाजाही से धूल के गुबार उड़ते रहते हैं, जो लोगों की सांसों के साथ शरीर के अंदर पहुंच रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है। कई लोग खांसी और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो हालात और बिगड़ सकते हैं। जिम्मेदार विभाग को इस ओर ध्यान देकर तुरंत कार्यवाही करनी चाहिए। ताकि लोगों को राहत मिल सके और आने जाने में सुविधा हो। निवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि बार बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। प्रशासन को चाहिए कि मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले और आवश्यक कदम उठाए जाएं।
