वैश्विक पेय पदार्थ कंपनी कोका-कोला कंपनी भारत में अपनी बॉटलिंग इकाई की मूल कंपनी हिंदुस्तान कोका-कोला होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड (एचसीसीएच) को 2027 में शेयर बाजार में सूचीबद्ध करने की संभावना तलाश रही है। कंपनी ने कहा कि वह बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर सूचीबद्ध होने (आरंभिक सार्वजनिक निर्गम लाने) की प्रारंभिक तैयारी कर रही है, जो बाजार की स्थिति एवं नियामकीय मंजूरियों पर निर्भर करेगी। साथ ही, कंपनी एचसीसीएच में अपनी हिस्सेदारी का एक हिस्सा बेचने पर भी विचार कर रही है।

यह कदम करीब एक साल बाद आया है जब कोका-कोला ने एचसीसीएच में अपनी 40 प्रतिशत हिस्सेदारी जुबिलेंट भारतीय ग्रुप को बेची थी। हालांकि इस सौदे की वित्तीय जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई थी। एचसीसीएच, भारत में कोका-कोला के सबसे बड़े ‘बॉटलिंग’ व्यवसाय हिंदुस्तान कोका-कोला बेवरेजेज (एचसीसीबी) की मूल कंपनी है। यह संभावित सूचीबद्ध कंपनी की ‘‘एसेट-लाइट’’ रणनीति का हिस्सा है जिसके तहत वह वैश्विक स्तर पर अपने ‘बॉटलिंग’ कारोबार में हिस्सेदारी घटा रही है। भारत, कोका-कोला के लिए दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा बाजार है।

कंपनी यहां दो इकाइयों कोका-कोला इंडिया और एचसीसीबी के जरिये काम करती है। एचसीसीबी की स्थापना 14 फरवरी 1997 को हुई थी और यह देशभर में 14 बॉटलिंग संयंत्र संचालित करती है। कंपनी भारत में कोका-कोला, थम्स अप, स्प्राइट, मिनट मेड, माजा, स्मार्टवॉटर, किनले, लिम्का और फैंटा सहित आठ श्रेणियों में 37 उत्पाद बनाती एवं बेचती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now