देश के आम उपभोक्ताओं और वाहन चालकों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। भारत की सबसे बड़ी निजी ईंधन खुदरा विक्रेता कंपनी, नायरा एनर्जी (Nayara Energy) ने देश भर में अपने पेट्रोल और डीजल के दामों में भारी कटौती की घोषणा की है। कंपनी ने पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर की कमी की है। गौरतलब है कि पिछले दो वर्षों में किसी भी तेल कंपनी द्वारा ईंधन की खुदरा कीमतों में की गई यह पहली कटौती है। उद्योग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, ये संशोधित दरें देश भर में स्थित नायरा के 7,000 से अधिक पेट्रोल पंपों पर तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।

पश्चिम एशिया में तनाव अपेक्षाकृत कम होने और एक महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग फिर से खुलने से कच्चे तेल तथा एलएनजी की आपूर्ति बहाल हुई है। इससे आपूर्ति बाधित होने की आशंका कम हुई और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई। उद्योग से जुड़े सूत्रों ने बताया कि संशोधित दरें देशभर में नायरा के 7,000 से अधिक पेट्रोल पंप पर लागू हो गई हैं।

मूल्य वर्धित कर (वैट) जैसे स्थानीय करों के कारण विभिन्न राज्यों में पेट्रोल पंपों पर कीमतें अलग-अलग होती हैं। हालांकि, सार्वजनिक क्षेत्र की ईंधन खुदरा विक्रेता कंपनियों ने कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। सरकारी स्वामित्व वाली इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने कीमतों में किसी संशोधन की घोषणा नहीं की।

बाजार पर क्या होगा असर?

विशेषज्ञों का मानना है कि नायरा एनर्जी के इस कदम से बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है। यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह स्थिर या कम बनी रहती हैं, तो आने वाले दिनों में सरकारी तेल कंपनियों पर भी कीमतें घटाने का मनोवैज्ञानिक दबाव बन सकता है। फिलहाल, नायरा के ग्राहकों के लिए यह किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now