– सकुशल बरामद हुई युवती, परिजनों को सौंपा
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सदर कोतवाली पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती का अपहरण करने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अपहृत युवती को पहले ही सकुशल बरामद कर लिया था, जबकि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में अपराधियों एवं वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुकदमा अपराध संख्या 250/2026, धारा 87/61(2) बीएनएस से संबंधित वांछित अभियुक्त अली हुसैन पुत्र अकरम निवासी चतुरी मुरई का पुरवा थाना कोतवाली को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी पर शादी का झांसा देकर युवती का अपहरण करने का आरोप है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में उसे गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। उल्लेखनीय है कि इस मामले में अपहृत युवती को 14 जून को सकुशल बरामद कर लिया गया था, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विजय बहादुर, कांस्टेबल आदित्य मौर्य, महिला कांस्टेबल ममता मिश्रा शामिल रहीं।
