डीएम को ज्ञापन देने जाते जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह गौतम के साथ किसान
भाकियू (अराजनीतिक) ने समस्याओं के समाधान की उठाई जोरदार मांग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। किसानों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह गौतम के नेतृत्व में किसानों ने सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित 15 सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। किसानों ने खेती की बढ़ती लागत, नकली बीज-खाद की बिक्री, उर्वरकों की कमी, फसल क्षति, सिंचाई, बिजली, गन्ना भुगतान तथा आवारा पशुओं की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए तत्काल प्रभाव से समाधान की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश का किसान बढ़ती कृषि लागत, प्रशासनिक जटिलताओं और सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ न मिलने के कारण गंभीर संकट का सामना कर रहा है। संगठन ने मांग की कि विरासत एवं बंटवारे के मामलों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए, सभी पात्र किसानों की फार्मर आईडी शीघ्र बनाई जाए तथा डीएपी, यूरिया सहित अन्य उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की जाए। किसानों ने नकली बीज, खाद एवं कीटनाशकों की बिक्री पर रोक लगाने, दोषी कंपनियों और विक्रेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा खराब बीजों से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की। इसके साथ ही सभी फसलों की एमएसपी पर सरकारी खरीद की गारंटी देने और फसल बीमा योजना को प्रभावी बनाकर प्राकृतिक आपदा, अतिवृष्टि, सूखा एवं कीट प्रकोप से हुई फसल क्षति का शीघ्र भुगतान कराने की भी मांग उठाई गई। ज्ञापन में आवारा एवं निराश्रित पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान, नहरों-रजवाहों की सफाई, खराब पड़े सरकारी नलकूपों को चालू कराने, कृषि उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने तथा गन्ना किसानों का बकाया भुगतान ब्याज सहित कराने की मांग भी प्रमुखता से शामिल रही। इसके अलावा किसानों को कृषि यंत्रों, बीजों एवं सरकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव उपलब्ध कराने तथा तहसील व जिला स्तर पर किसान समाधान शिविर आयोजित किए जाने की मांग की गई। जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह गौतम ने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) किसानों के हित में व्यापक आंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। इस मौके पर प्रीतम सिंह,दीपक गुप्ता, बाऊवन शुक्ला, अजय सिंह, प्रदीप सिंह, महेंद्र सिंह, अजय प्रजापति, बबलू सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now