अपने हक की हुंकार भरते सर्वोदय इंटर कालेज के छात्र।
– बिजली, पानी, पंखे व डेस्क-बेंच की मांग को लेकर छात्रों ने खोला था मोर्चा
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिले के किशनपुर स्थित सर्वाेदय इंटर कॉलेज में सोमवार को छात्रों और छात्राओं का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब वर्षों से चली आ रही बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी के खिलाफ उन्होंने विद्यालय परिसर में जोरदार आंदोलन छेड़ दिया। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर हाथों में लेकर सैकड़ों छात्र-छात्राएं मैदान में उतर आए और बिजली, पानी, पंखे, डेस्क-बेंच व अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। छात्रों का आक्रोश बढ़ता देख विद्यालय प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। आखिरकार जिला विद्यालय निरीक्षक की मौजूदगी में प्रशासन को झुकना पड़ा और छात्रों की सभी प्रमुख मांगों पर लिखित आश्वासन देना पड़ा।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप था कि विद्यालय में लंबे समय से बिजली व्यवस्था बदहाल है। कई कक्षाओं में पंखे नहीं हैं और खराब वायरिंग के कारण भीषण गर्मी में पढ़ाई करना मुश्किल हो जाता है। विद्यालय में शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था भी नहीं है, जिससे छात्र-छात्राओं को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती है। पर्याप्त डेस्क-बेंच न होने से कई छात्र जमीन पर बैठकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानाचार्य उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेते और उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। विद्यालय परिसर में एकत्र छात्रों और छात्राओं ने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की। उनका कहना था कि जब तक विद्यालय में न्यूनतम मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं होंगी, तब तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की कल्पना नहीं की जा सकती। छात्रों ने साफ चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। बढ़ते दबाव के बीच जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद विद्यालय प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन दिया गया कि प्रत्येक कक्षा में अगले दिन तक चार-चार पंखे लगाए जाएंगे, बिजली की वायरिंग दुरुस्त कराई जाएगी, एक महीने के भीतर सभी आवश्यक डेस्क-बेंच उपलब्ध करा दिए जाएंगे तथा विद्यालय में आरओ वाटर कूलर भी स्थापित किया जाएगा। डीआईओएस राकेश कुमार ने कहा कि छात्रों की सभी जायज मांगें स्वीकार कर ली गई हैं और उन्हें तय समय सीमा में पूरा कराया जाएगा।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसे नई पीढ़ी की जागरूकता और अपने अधिकारों के प्रति बढ़ती संवेदनशीलता से जोड़कर देख रहे हैं। लिखित आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now