मृतका के आवास के बाहर खड़ी पुलिस एवं लगी भीड़।
– सिर-पैर पर चोट के निशान से हत्या की आशंका
– पति हिरासत में, मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सदर कोतवाली क्षेत्र के 50 नंबर पुल शादीपुर इलाके में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक महिला अपने ही आवास पर पानी के टब में मृत अवस्था में मिली। मृतका की पहचान शालिनी यादव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मृतका के मायके पक्ष ने उसके पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि शालिनी यादव नामक महिला अपने आवास पर पानी के टब में मृत अवस्था में पड़ी हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महिला के शरीर पर चोट के निशान, जिसमें सिर और पैर पर चोट के निशान शामिल हैं, पाए गए हैं। एसपी के अनुसार घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को संकलित किया है। मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस के मुताबिक मृतका के मायके पक्ष की ओर से उसके पति प्रदीप यादव के संबंध में आरोप लगाए गए हैं। पुलिस सभी आरोपों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। परिजनों से तहरीर प्राप्त होने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने बताया कि मृतका एक निजी विद्यालय में अध्यापिका थीं, जबकि उनके पति भी सरकारी विद्यालय में शिक्षक हैं। दोनों का विवाह करीब नौ से दस वर्ष पूर्व हुआ था। परिवार में एक सात वर्षीय बेटा भी बताया जा रहा है। पुलिस घटना के पीछे पति-पत्नी के बीच किसी विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
मासूम से छिना मां का साया
घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि दंपती का करीब सात वर्षीय बेटा भी है। मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मासूम के सिर से मां का साया उठ गया। वहीं करीब एक दशक पहले शुरू हुए इस वैवाहिक रिश्ते का दुखद अंत कई सवाल छोड़ गया है, जिनका जवाब अब पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएगा।
