अधूरी पड़ी कच्ची सड़क का दृश्य।

– अधूरी सड़क से आवागमन प्रभावित, बारिश में कीचड़ और गड्ढों ने बढ़ाई परेशानी
– निर्माण पूरा कराने को लेकर नगर पंचायत से कार्रवाई की मांग

CITY NEWS FATEHPUR

खागा, फतेहपुर(CNF)। कस्बे में हाईवे किनारे सड़क निर्माण अधर में लटकने से स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। कई वर्षों से अधूरा पड़ा मार्ग अब बारिश के दौरान कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो गया है। इससे राहगीरों के साथ ही मोहल्ले में रहने वाले लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क निर्माण कार्य शुरू तो कराया गया था, लेकिन कुछ समय बाद काम बंद कर दिया गया। इसके बाद ठेकेदार द्वारा निर्माण स्थल छोड़ दिए जाने से मार्ग की स्थिति जस की तस बनी हुई है। बरसात होने पर रास्ते में पानी और कीचड़ भर जाने से पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। सबसे अधिक दिक्कत दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है।

मोहल्ला निवासी आकाश, प्रकाश चंद्र और अनमोल ने बताया कि सड़क का निर्माण पूरा कराने के लिए नगर पंचायत में कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। उनका कहना है कि लंबे समय से अधूरा पड़ा मार्ग क्षेत्रवासियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। गड्ढों के कारण वाहन चालकों को दुर्घटना का भी खतरा बना रहता है।

क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से मौके का निरीक्षण कराकर अधूरे निर्माण की स्थिति स्पष्ट करने और जल्द सड़क का काम पूरा कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य में और देरी हुई तो बारिश के मौसम में आवागमन की समस्या और गंभीर हो सकती है।

वहीं, नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी देवहूति पांडेय ने बताया कि उनके पास सड़क निर्माण अधूरा होने की कोई शिकायत नहीं आई है। इसके बावजूद मामले की जांच कराई जाएगी। यदि निर्माण कार्य अधूरा पाया जाता है तो संबंधित विभाग और ठेकेदार से जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सड़क निर्माण जल्द पूरा कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now