फोटो परिचय-  कलेक्ट्रेट परिसर से स्वच्छता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स।

कलेक्ट्रेट से शुरू हुई रैली, जिला अस्पताल पहुंचकर हुआ समापन

तख्तियों, जिंगल और नारों के जरिए लोगों को साफ-सफाई के प्रति किया जागरूक

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। स्वच्छ और स्वस्थ शहर के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए गुरुवार को शहर की सड़कों पर जागरूकता का संदेश दिखाई दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिका परिषद सदर की ओर से ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली आयोजित की गई। कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

रैली में बड़ी संख्या में स्वच्छता वालंटियर शामिल हुए। हाथों में स्वच्छता संबंधी संदेश लिखी तख्तियां लेकर वालंटियर शहर की प्रमुख सड़कों से गुजरे और नागरिकों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। कलेक्ट्रेट से निकली रैली पटेल नगर, पत्थर कटा चौराहा और बिंदकी बस स्टॉप होते हुए जिला अस्पताल पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया।

रैली के दौरान वातावरण स्वच्छता संबंधी नारों और संदेशों से गूंजता रहा। ‘स्वच्छता ही सेवा’, ‘गंदगी जानलेवा’, ‘हमने ठाना है, फतेहपुर को स्वच्छ बनाना है’ तथा ‘सभी रोगों की एक दवा, घर-घर हो सफाई’ जैसे नारों के जरिए लोगों को स्वच्छता का महत्व समझाया गया। रैली में शामिल वाहनों पर बज रहे स्वच्छता संबंधी जिंगल भी राहगीरों का ध्यान आकर्षित करते रहे।

वालंटियरों ने नागरिकों से घरों और दुकानों के साथ ही आसपास के सार्वजनिक स्थलों को भी साफ रखने की अपील की। लोगों को कूड़ा इधर-उधर न फेंकने और निर्धारित स्थान पर ही कूड़ा डालने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के जरिए यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि स्वच्छता केवल किसी विशेष दिवस या अभियान तक सीमित रहने वाली गतिविधि नहीं है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का नियमित हिस्सा होना चाहिए।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है। शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में सरकारी विभागों की भूमिका महत्वपूर्ण है, लेकिन नागरिकों की भागीदारी के बिना स्थायी बदलाव संभव नहीं है। प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, प्रतिष्ठान और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभाए तो शहर को साफ-सुथरा बनाने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।

रैली में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), परियोजना निदेशक डीआरडीए, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और स्वच्छता वालंटियर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now