फोटो परिचय- बारिश में ढहे कच्चे मकान के मलबे के पास खड़ा वृद्ध।
– सैरपुर गांव में कच्चे मकानों के गिरने से बढ़ी परेशानी, दूसरों के घरों में ली शरण
– पीड़ितों ने प्रशासन से आर्थिक मदद के साथ पक्के आवास की लगाई गुहार
CITY NEWS FATEHPUR
बिंदकी, फतेहपुर(CNF)। लगातार हो रही बारिश ने तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत डीघ के सैरपुर गांव में गरीब परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के कारण दो परिवारों के कच्चे मकान भरभराकर गिर गए। अचानक छत छिन जाने से परिवारों के सामने रहने के साथ-साथ रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने का भी संकट पैदा हो गया है। फिलहाल प्रभावित परिवार दूसरे लोगों के घरों में शरण लेकर दिन काट रहे हैं।
सैरपुर निवासी वृद्ध ब्रह्म पासवान अपने 13 वर्षीय नाती हिमांशू के साथ रहते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर बताई जा रही है। कमाई का कोई स्थायी साधन नहीं होने के कारण दोनों किसी तरह गुजर-बसर कर रहे थे। इसी बीच लगातार बारिश के चलते उनका कच्चा मकान ढह गया। घर गिरने से उसमें रखा सामान भी प्रभावित हुआ और रहने के लिए सुरक्षित जगह नहीं बची।
इसी गांव में रामसनेही यादव का कच्चा मकान भी बारिश की मार नहीं झेल सका। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने के साथ भोजन तैयार करने तक की समस्या खड़ी हो गई। बारिश के दौरान कच्चे मकानों के धराशायी होने से दोनों परिवारों की स्थिति बेहद खराब हो गई है।
पीड़ित परिवारों का कहना है कि उनके पास पक्का मकान बनवाने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। ऐसे में यदि प्रशासन की ओर से तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्रता के अनुसार पक्का आवास दिया जाए तो उन्हें बड़ी राहत मिल सकती है। परिवारों ने अधिकारियों से मामले का स्थलीय निरीक्षण कराकर सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि बारिश के मौसम में उन्हें सुरक्षित छत मिल सके।
