– बिंदकी पुलिस ने कार्रवाई कर न्यायालय में किया पेश
– 23 सितंबर को सकुशल बरामद हो चुकी है अपहृता
– आरोपी के खिलाफ पहले से भी दर्ज है पॉक्सो एक्ट का मुकदमा
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। नाबालिग के अपहरण से जुड़े मामले में फरार चल रहे आरोपी को बिंदकी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और बाद में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। मामले में नाबालिग अपहृता को पुलिस ने 23 सितंबर को ही सकुशल बरामद कर लिया था।
पुलिस के मुताबिक अपराधियों और वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी बिंदकी के पर्यवेक्षण में थाना बिंदकी पुलिस ने मुकदमा संख्या 239/2026 से संबंधित आरोपी आकाश पुत्र राजेन्द्र धोबी निवासी कस्बा सोहन, मजरा ईंटगांव, थाना खागा को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 87, 137(2), 351(2), 64 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 के तहत मुकदमा दर्ज है। पूछताछ एवं अभिलेखों की जांच में उसके पूर्व आपराधिक इतिहास की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार थाना बिंदकी में ही उसके खिलाफ मुकदमा संख्या 49/2025 दर्ज है, जिसमें धारा 137(2)/65(1) बीएनएस तथा 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी।
आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जयलाल, कांस्टेबल अफजल अहमद तथा महिला कांस्टेबल प्रतिमा शामिल रहीं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की।
