फोटो परिचय- स्वास्थ्य शिविर में मरीजों की जांच करते चिकित्सकों की टीम।
– विशेषज्ञ चिकित्सकों ने परीक्षण कर मरीजों को दी उपचार संबंधी सलाह
– यूरोफ्लोमेट्री, ईसीजी, शुगर व प्रोस्टेट समेत कई जांचें रहीं निःशुल्क
सिटी न्यूज फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। शहर के जीटी रोड स्थित बाकंरगंज के समीप ग्रे एंड कंपनी परिसर में रविवार को मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पहुंचे लोगों को विभिन्न रोगों से संबंधित चिकित्सकीय परामर्श के साथ कई आवश्यक जांचों की सुविधा भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सुनीं और जांच के आधार पर उपचार एवं सावधानियों के बारे में जानकारी दी।
शिविर में यूरोलॉजी से संबंधित रोगों के अलावा सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित मरीजों की भी जांच की गई। यूरोफ्लोमेट्री जांच कंप्यूटर के माध्यम से की गई। इसके साथ ही ईसीजी, ब्लड शुगर और प्रोस्टेट सहित अन्य आवश्यक परीक्षण भी किए गए। जांच के बाद चिकित्सकों ने मरीजों को उनकी स्थिति के अनुसार आगे के उपचार की सलाह दी।
कानपुर से आए डॉ. बी. मिश्रा के निर्देशन में जांच प्रक्रिया और दवाओं के वितरण की व्यवस्था की गई। पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए, जिससे उन्हें उपचार की सरकारी सुविधा का लाभ मिल सके।
स्वास्थ्य शिविर में वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. मनोहर सिंह, सर्जन डॉ. दिव्यांती मिश्रा, डॉ. एसपी शुक्ला, डॉ. राघव, डॉ. हेमंत त्रिपाठी तथा अमरजीत ने मरीजों की जांच एवं उपचार में सहयोग किया। आयोजकों के अनुसार शिविर में करीब 140 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर का शुभारंभ मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. तेज मान सिंह ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम के दौरान फर्म के संचालक राजेंद्र त्रिवेदी ने डॉ. तेज मान सिंह और एसबी सिंह को शॉल व माला पहनाकर तथा प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। आयोजन में चिकित्सकों के साथ अन्य सहयोगियों ने भी व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।
