– चारपाई पर सो रहे युवक को भोर में कोबरा ने बनाया शिकार
– उपचार का मौका मिलने से पहले ही तोड़ा दम, छह माह पहले हुई थी शादी
– परिजनों से मिलकर राज्यमंत्री ने बंधाया ढांढस
CIY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के दावतमई कसार गांव में जहरीले सांप के डसने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही राज्यमंत्री कृष्णा पासवान पीड़ित परिवार के घर पहुंचीं और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।
बताया गया कि दावतमई कसार गांव निवासी शिवचरन सरोज का पुत्र सीताराम सरोज गांव के बाहर जंगल में बने घर में सो रहा था। बुधवार भोर करीब चार बजे वह चारपाई पर लेटा था, तभी अचानक कोबरा सांप ने उसे डस लिया। परिजनों के अनुसार सांप ने युवक के शरीर पर कई स्थानों पर काटा।
सर्पदंश के बाद सीताराम की हालत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजन जब तक उसे उपचार के लिए ले जाने की तैयारी करते, उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही घर में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
बताया जा रहा है कि सीताराम की शादी करीब छह माह पहले ही हुई थी। नवविवाहित युवक की अचानक मौत से परिवार के साथ ही गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की जानकारी मिलने पर राज्यमंत्री कृष्णा पासवान पीड़ित परिवार के घर पहुंचीं। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली और उन्हें इस दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
