– विस्फोट के बाद मलबे में दबे लोगों को रेस्क्यू टीम ने बाहर निकाला

– पांच गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज में कराया गया भर्ती

– हादसे की सूचना पर डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे, अस्पताल जाकर घायलों का जाना हाल

 

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। मलवा कस्बे में सोमवार शाम खाना बनाते समय सिलेंडर में हुए जोरदार विस्फोट ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। धमाका इतना तेज था कि दो मंजिला मकान का पूरा ढांचा भरभराकर ढह गया। हादसे के समय मकान में मौजूद कई लोग मलबे के नीचे दब गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।

कुछ ही देर में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। रेस्क्यू टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर दबे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल अल्लीपुर स्थित मेडिकल कॉलेज ले जाकर भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार मलवा कस्बा निवासी सूरज गुप्ता के दो मंजिला मकान में सोमवार शाम करीब पांच बजे खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया। तेज धमाके के साथ मकान का ढांचा भरभराकर नीचे आ गिरा और घर के अंदर मौजूद लोग मलबे में दब गए। धमाके की आवाज आसपास के काफी दूर तक सुनाई दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

मलबे में लोगों के दबे होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से राहत-बचाव शुरू किया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन तेज किया। जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाया गया। काफी प्रयास के बाद मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने कुनाल पुत्र सुरेश (17 वर्ष), यश (8 वर्ष), वेद पुत्र स्व. रोहित (14 वर्ष) समेत एक अन्य को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायलों में सुरेश गुप्ता पुत्र स्व. मेवालाल, मन्नो पत्नी सुरेश (40 वर्ष), पूजा पत्नी स्व. रोहित गुप्ता (40 वर्ष), कार्तिक पुत्र सुरेश (10 वर्ष), लक्ष्मी गुप्ता पुत्री सुरेश (18 वर्ष) और अर्पित पुत्र स्व. रोहित गुप्ता का उपचार चल रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक समेत प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लेते हुए रेस्क्यू टीमों को मलबा पूरी तरह हटाकर किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की संभावना खत्म करने के निर्देश दिए।

इसके बाद डीएम और एसपी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और भर्ती घायलों का हाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों की स्थिति और उपचार की जानकारी ली। अधिकारियों ने गंभीर रूप से घायल मरीजों पर विशेष निगरानी रखने तथा उन्हें बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now