फोटो परिचय- मलवां में हादसे के बाद घटनास्थल का जायजा लेते कांग्रेस पदाधिकारी।
– कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मौके पर पहुंचकर परिवार से ली घटना की जानकारी
– आसपास के क्षतिग्रस्त मकानों का सर्वे कराकर प्रभावितों को भी मदद देने की मांग
CITY NEWS FATEHPUR
मलवां, फतेहपुर(CNF)। कस्बे में सिलेंडर विस्फोट से मकान ढहने और चार लोगों की मौत के मामले में कांग्रेस ने पीड़ित परिवार के लिए मुआवजा बढ़ाने की मांग उठाई है। बुधवार को कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल घटनास्थल पर पहुंचा और हादसे की जानकारी लेने के साथ पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि हादसे में परिवार ने न केवल अपनों को खोया है, बल्कि उनका मकान भी पूरी तरह तबाह हो गया। ऐसी स्थिति में परिवार के सामने आर्थिक संकट के साथ आवास की समस्या भी खड़ी हो गई है। उन्होंने मृतकों के प्रत्येक परिवार को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि हादसे के दौरान आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। ऐसे में प्रशासन को प्रभावित क्षेत्र का सर्वे कराकर नुकसान का आकलन करना चाहिए और जिन परिवारों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें भी नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि घटना की पूरी जानकारी प्रदेश नेतृत्व को भेजी जाएगी और पीड़ित परिवार को राहत दिलाने के लिए शासन स्तर पर भी मांग उठाई जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में जिला उपाध्यक्ष कलीम उल्ला सिद्दीकी, मुन्ना कोरी, प्रेम शंकर बाजपेयी, गजेंद्र द्विवेदी, मो. इदरीस और उमेश कुमार शामिल रहे।
