फोटो परिचय- छात्र के साथ कथित मारपीट की शिकायत लेकर डीएम कार्यालय पहुंचीं नानी।
नानी ने डीएम से लगाई गुहार, जांच कर कार्रवाई की मांग
कुर्सी उठाने से इनकार करने पर सिर में चोट लगने का दावा, उपचार में लगे टांके
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक निजी विद्यालय में आठ वर्षीय छात्र के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। छात्र की नानी भानमती पत्नी राधेश्याम लोधी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर स्कूल में बच्चे से पढ़ाई के अलावा काम कराए जाने तथा विरोध करने पर मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र के मुताबिक, भानमती का आठ वर्षीय नाती अर्पित उनके साथ रहकर पढ़ाई करता है और जय श्रीराम प्रसाद आदर्श विद्या मंदिर/खुराना पब्लिक स्कूल में अध्ययनरत है। नानी का आरोप है कि विद्यालय में छात्र से अक्सर पढ़ाई से इतर काम कराया जाता है। काम करने से मना करने पर कथित तौर पर उसके साथ मारपीट करने और स्कूल से निकालने की धमकी दी जाती है।
आरोप है कि तीन अक्टूबर को विद्यालय में मौजूद रंजीत नामक व्यक्ति ने अर्पित को कुर्सी लाने के लिए कहा। छात्र ने कई बार कुर्सी पहुंचाई। इसके बाद दोबारा कुर्सी लाने के लिए कहे जाने पर उसने वजन अधिक होने की बात कहते हुए असमर्थता जताई। नानी के मुताबिक इसी बात पर नाराज होकर उसके साथ कथित मारपीट की गई। सिर में चोट लगने से खून निकलने पर छात्र को उपचार के लिए ले जाया गया, जहां उसके सिर में टांके लगाए गए।
भानमती का आरोप है कि घटना की जानकारी लेने और शिकायत करने जब वह विद्यालय पहुंचीं तो उनके साथ भी कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने जिलाधिकारी से छात्र के साथ हुई घटना की निष्पक्ष जांच, स्कूल प्रशासन की भूमिका की पड़ताल और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। विद्यालय प्रशासन अथवा आरोपी पक्ष का आधिकारिक पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।












Leave a Reply