फोटो परिचय- (2) पत्रकारों से वार्ता करते पूर्व पुलिस महानिदेशक डॉ. सूर्यकुमार।
– पूर्व डीजीपी ने प्रशिक्षण, आर्थिक मदद और टूलकिट योजनाओं की दी जानकारी
– भ्रष्टाचार या अनियमितता मिले तो वीडियो, ऑडियो अथवा दस्तावेज के साथ करें शिकायत
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। बेरोजगारी से निपटने के लिए युवाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। शनिवार को पुलिस लाइन स्थित गेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व पुलिस महानिदेशक डॉ. सूर्यकुमार ने युवाओं से उपलब्ध योजनाओं का लाभ उठाकर रोजगार शुरू करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में काम शुरू करने के इच्छुक युवाओं के लिए प्रशिक्षण, आर्थिक सहायता और जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने की योजनाएं संचालित हैं। विकासखंड स्तर पर अलग-अलग व्यवसायों के लिए प्रशिक्षण और टूलकिट की व्यवस्था का लाभ लेकर युवा आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ सकते हैं।
डॉ. सूर्यकुमार ने कहा कि बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था के लिए जनता की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। कहीं रिश्वतखोरी, भ्रष्टाचार या किसी प्रकार की प्रशासनिक अनियमितता सामने आती है तो उसकी शिकायत केवल आरोप के रूप में न करके प्रमाण के साथ की जानी चाहिए। वीडियो, ऑडियो अथवा दस्तावेज जैसे साक्ष्य उपलब्ध होने पर संबंधित विभागों को कार्रवाई में मदद मिलती है।
उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार निवारण एवं सतर्कता विभाग के स्तर से शिकायतों पर कार्रवाई की जा रही है। लापरवाही सामने आने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन को प्रभावी बनाने के लिए जनता और प्रशासन के बीच सहयोग आवश्यक है।
पूर्व डीजीपी ने बांग्लादेशी घुसपैठियों के सत्यापन एवं निष्कासन से संबंधित अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि अभियान के तहत करीब पांच लाख अवैध बांग्लादेशी नागरिकों की जांच कर उन्हें वापस भेजा जा चुका है। वहीं बांग्लादेश और पाकिस्तान से प्रताड़ित होकर भारत आए हिंदू, सिख, सिंधी, पंजाबी और जैन समुदाय के लोगों को चिन्हित कर नागरिकता के लिए आवेदन कराए जाने की जानकारी भी दी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी स्तर पर होने वाली अनियमितता को नजरअंदाज न करें और प्रमाण के साथ संबंधित अधिकारियों तक सूचना पहुंचाएं। उन्होंने बताया कि शिकायत या सूचना 9454450307 पर व्हाट्सएप के माध्यम से भेजी जा सकती है।

