फोटो परिचय-  वरिष्ठ अधिवक्ताओं को सम्मानित करते न्यायमूर्ति सैय्यद कमर हसन रिजवी।

न्यायमूर्ति सैय्यद कमर हसन रिजवी ने कहा—वरिष्ठ अधिवक्ताओं का अनुभव न्याय व्यवस्था की अमूल्य धरोहर

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। न्याय की राह में पांच दशक से अधिक समय तक सक्रिय रहकर विधि व्यवसाय को समृद्ध करने वाले अधिवक्ताओं के सम्मान में शनिवार को डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन की ओर से विशेष समारोह आयोजित किया गया। बार परिसर में हुए कार्यक्रम के दौरान 50 वर्ष की वकालत पूरी कर चुके 54 वरिष्ठ अधिवक्ताओं को उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायाधीश न्यायमूर्ति सैय्यद कमर हसन रिजवी ने सम्मानित किया।

समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ताओं को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न और शाल भेंट की गई। एक-एक कर वरिष्ठ अधिवक्ताओं का सम्मान होते ही बार परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। लंबे समय तक विधि क्षेत्र में योगदान देने वाले अधिवक्ताओं के चेहरों पर सम्मान और प्रसन्नता साफ दिखाई दी।

डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बाबू सिंह यादव की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में न्यायमूर्ति सैय्यद कमर हसन रिजवी मुख्य अतिथि तथा जिला जज सुधीर कुमार पंचम विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई। वरिष्ठ अधिवक्ता असलम शेरखान ने अतिथियों को बुके भेंटकर अभिनंदन किया।

सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए न्यायमूर्ति सैय्यद कमर हसन रिजवी ने कहा कि न्यायिक व्यवस्था को प्रभावी और मजबूत बनाने में अधिवक्ताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। पांच दशक तक विधि व्यवसाय में सक्रिय रहना अपने आप में उल्लेखनीय उपलब्धि है। वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने अपने अनुभव और ज्ञान से न्याय प्रक्रिया को समृद्ध करने के साथ ही नई पीढ़ी के अधिवक्ताओं को दिशा देने का काम किया है।

समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ताओं के दीर्घकालीन योगदान को याद करते हुए उनके अनुभवों को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं की मौजूदगी रही।

इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के महामंत्री अनुराग नारायण मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष राकेश वर्मा, मो. रेहान उर्फ सदफ, रविंद्र यादव, संतोष कुमारी शुक्ला, मोहम्मद अय्यूब समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now