फोटो परिचय-  वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते व्यापारी व पुलिस कर्मी।

– हेलमेट, नशामुक्त ड्राइविंग और यातायात नियमों के पालन का दिया संदेश

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को रोकने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति सजग करने के लिए आदर्श व्यापार मंडल गर्ग गुट की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पदाधिकारियों ने राहगीरों और बाइक सवारों को पंपलेट वितरित कर सुरक्षित यातायात के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी दी।

व्यापारियों ने वाहन चालकों से दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट लगाने, शराब अथवा किसी अन्य नशीले पदार्थ के सेवन के बाद वाहन न चलाने तथा गलत दिशा में वाहन चलाकर ओवरटेक करने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क पर जल्दबाजी और छोटी सी लापरवाही कई बार गंभीर हादसे का कारण बन जाती है।

अभियान के दौरान लोगों को समझाया गया कि यातायात नियमों का पालन पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और परिवार की सुरक्षा के लिए किया जाना चाहिए। व्यापारियों ने सुरक्षित यातायात को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए वाहन चालकों से सड़क पर धैर्य और अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया।

अभियान में ट्रैफिक इंस्पेक्टर लालजी सहित यातायात पुलिस के जवान मौजूद रहे। आदर्श व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अभिनव यादव, जिला महामंत्री अमित शरण बॉबी, जिला उपाध्यक्ष बबला सोनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मंगल सिंह, शटरिंग हाउस अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीकी, महिला जिला महामंत्री अर्चना श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष रंगोली शर्मा, युवा उपाध्यक्ष मोहम्मद शान समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now