– खखरेरू के आरोपियों की संलिप्तता की पुलिस ने दी जानकारी

– किशनपुर के सराफा कारोबारी के घर छापेमारी, पूछताछ के लिए ले जाने की चर्चा

CITY NEWS FATEHPUR

खागा/फतेहपुर(CNF)। चित्रकूट जिले के पहाड़ी थाना क्षेत्र के लोहदा गांव में परिवार को बंधक बनाकर डकैती डालने के मामले की जांच अब फतेहपुर जिले तक पहुंच गई है। पुलिस ने इस वारदात में खखरेरू क्षेत्र के कुछ अभियुक्तों के शामिल होने की जानकारी दी है। वहीं, किशनपुर थाना क्षेत्र से भी संभावित कनेक्शन सामने आने के बाद पुलिस की जांच तेज हो गई है।

मामले की पड़ताल के लिए कर्वी एसओजी और पहाड़ी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को किशनपुर कस्बे में सराफा कारोबारी अंशू अग्रवाल के घर छापेमारी की। कारोबारी को पूछताछ के लिए पुलिस अपने साथ ले गई, ऐसी चर्चा क्षेत्र में है। हालांकि, इस कार्रवाई और कारोबारी की हिरासत को लेकर पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

सूत्रों के मुताबिक, डकैती में लूटे गए सामान की खरीद-फरोख्त के संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर कारोबारी से पूछताछ किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस इस मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और वारदात से जुड़े तथ्यों को जोड़ने में जुटी है।

पहाड़ी थाना प्रभारी ने आरोपियों के नाम उजागर किए बिना बताया कि डकैती की घटना में खखरेरू क्षेत्र के अभियुक्तों की संलिप्तता सामने आई है। किशनपुर क्षेत्र से जुड़े संभावित संपर्कों के संबंध में उन्होंने विस्तृत जानकारी देने से इनकार करते हुए कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस की जांच का दायरा बढ़ने के साथ ही डकैती कांड में फतेहपुर के संभावित कनेक्शन को लेकर चर्चाएं तेज हैं। पुलिस की आधिकारिक जांच और खुलासे के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now