– चालक की पहचान पर मिलेगा 25 हजार का इनाम

फतेहपुर(CNF)। शहर के खलीलनगर मोड़ पर बाइक सवार को टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात चार पहिया वाहन व उसके चालक की तलाश में पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील की है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने वाहन व चालक के संबंध में सटीक एवं महत्वपूर्ण सूचना देने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

बीती नौ सितंबर की रात करीब 8.30 से 9.15 बजे के बीच अंकित कुमार पुत्र दिनेश कुमार निवासी जयरामनगर थाना राधानगर बाइक से सदर चैराहे से पत्थरकटा की ओर जा रहे थे। तभी खलीलनगर मोड़ के पास अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान सात अक्टूबर को उनकी मौत हो गई। मामले में कोतवाली नगर थाने में मुकदमा संख्या 0458/26 धारा 281, 125ए और 125बी बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है। विवेचना के दौरान धारा 106(1) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई है। पुलिस ने घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है, जिसमें संदिग्ध वाहन का रंग नीला, काला अथवा नीलापन लिए काला दिखाई दे रहा है। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को संदिग्ध वाहन या उसके चालक के संबंध में कोई जानकारी हो तो वह क्षेत्राधिकारी नगर के मोबाइल नंबर 9454401286 अथवा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के मोबाइल नंबर 9454403347 पर सूचना दे सकता है। सटीक जानकारी देने वाले को 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा और उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now