– धार्मिक स्थलों में तोड़फोड़ से भड़का आक्रोश, श्रद्धालुओं ने जताया विरोध
– सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध हिरासत में, बजरंग दल ने दी आंदोलन की चेतावनी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। शहर के रेल बाजार क्षेत्र में दो मंदिरों में तोड़फोड़ किए जाने की घटना से इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। अराजकतत्वों ने मंदिरों में स्थापित मां दुर्गा और काली माता की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर उन्हें सड़क पर फेंक दिया। सुबह जब लोगों की नजर इस घटनाक्रम पर पड़ी तो क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मंदिरों के बाहर श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की भीड़ जमा हो गई।
धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने की जानकारी मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए पुलिस से दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। संगठन के कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, उपलब्ध साक्ष्यों और कैमरों की रिकॉर्डिंग के जरिए घटना में शामिल अन्य लोगों का भी पता लगाया जा रहा है।
घटना के बाद रेल बाजार इलाके में लोगों के बीच नाराजगी बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों ने मंदिरों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।
