फोटो परिचय- गिरफ्तार आरोपियों के साथ बरामद नकदी, मोबाइल व अन्य सामान दिखाती पुलिस टीम।
– मौके से 2.20 लाख रुपये की नकदी, छह मोबाइल और तीन मोटरसाइकिल जब्त
– दो-तीन दिनों से चल रहा था जुए का खेल, ताश की 43 गड्डियां भी मिलीं
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। बिंदकी क्षेत्र में ट्यूबवेल के एक कमरे को जुए के अड्डे के रूप में इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है। यहां कई दिनों से सज रही जुए की महफिल पर पुलिस ने अचानक धावा बोल दिया। घेराबंदी कर की गई कार्रवाई में छह लोग पुलिस के हत्थे चढ़ गए। तलाशी के दौरान 2.20 लाख रुपये नकद, छह एंड्रायड मोबाइल फोन और तीन मोटरसाइकिल समेत जुए में इस्तेमाल होने वाली ताश की गड्डियां बरामद हुईं।
पुलिस के मुताबिक, बिंदकी कोतवाली के निरीक्षक अपराध श्याम प्रकाश पाण्डेय पुलिस बल के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान लालौली चौराहे के पास मुखबिर ने सूचना दी कि ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल के पीछे स्थित ट्यूबवेल के कमरे में बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर चारों तरफ से घेराबंदी की और दबिश देकर छह लोगों को पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस को जुए के फड़ से 1.73 लाख रुपये से अधिक की रकम मिली, जबकि आरोपियों की तलाशी में 46,300 रुपये अतिरिक्त बरामद हुए। इस तरह कुल नकदी 2.20 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा छह एंड्रायड मोबाइल, इस्तेमाल की गई ताश की चार गड्डियां यानी 208 पत्ते, 52-52 पत्तों वाली सीलबंद 39 गड्डियां और तीन मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में लीं।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजेंद्र कुमार पुत्र लक्ष्मीशंकर अवस्थी निवासी तेंदुली थाना बिंदकी, संजय सिंह पुत्र सहदेव सिंह निवासी ब्राह्मण टोला थाना खागा, राजू सिंह पुत्र महादेव सिंह निवासी ग्राम गढ़ी थाना खागा, लतीफ अहमद पुत्र शरीफ अहमद निवासी मोहल्ला महाजरी कोतवाली नगर, नफीस पुत्र याकूब खान निवासी ब्राह्मण टोला थाना खागा तथा विपिन पुत्र वेदप्रकाश तिवारी निवासी सिविल लाइन कोतवाली नगर के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। इनके खिलाफ जुआ, धोखाधड़ी, विद्युत अधिनियम समेत अन्य मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। राजेंद्र कुमार और राजू सिंह के विरुद्ध पूर्व में भी जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई हो चुकी है।
मामले में बिंदकी कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 400/2026 के तहत धारा 112 बीएनएस और 3/4 सार्वजनिक जुआ अधिनियम में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में निरीक्षक अपराध श्याम प्रकाश पाण्डेय, उपनिरीक्षक दिलीप यादव, उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार शुक्ल, हेड कांस्टेबल शिवप्रकाश पाल, कांस्टेबल अजय रघुवंशी, कांस्टेबल विमल कुमार, महिला कांस्टेबल रेशमा बानो और रिजर्व कांस्टेबल आकाश सिंह शामिल रहे।
