– पहले ही दिन यातायात व्यवस्था पर भारी पड़े भारी वाहन, जिम्मेदारों की कार्यशैली पर उठे सवाल

– किशनपुर रोड से चौक चौराहे तक धड़ल्ले से हुआ ट्रकों का आवागमन

CITY NEWS FATEHPUR

खागा, फतेहपुर(CNF)। नगर को जाम की समस्या से मुक्त कराने और आम लोगों को सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन की ओर से बनाई गई नो एंट्री व्यवस्था की शुरुआत ही सवालों के घेरे में आ गई। प्रतिबंध लागू होने के बावजूद कस्बे के प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही जारी रहने से प्रशासनिक आदेशों के पालन की हकीकत सामने आ गई।

मंगलवार शाम करीब पांच बजे किशनपुर रोड की ओर से आए बालू से लदे कई भारी ट्रक चौक चौराहे से होते हुए नगर के भीतर से गुजरते दिखाई दिए। व्यस्त बाजार और मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों के पहुंचने के बावजूद उन्हें रोकने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आई। इससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिल रही है।

दरअसल, कस्बे में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए उपजिलाधिकारी खागा ने 21 नवंबर को नो एंट्री संबंधी कार्यालय आदेश जारी किया था। यह निर्णय पीस कमेटी, व्यापार संघ, पत्रकार संघ और नगर के अन्य गणमान्य लोगों के साथ हुई बैठकों में सामने आई समस्याओं के आधार पर लिया गया था। व्यवस्था के तहत किशनपुर, विजयीपुर और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले भारी वाहनों के संचालन को निर्धारित मार्ग एवं नियमों के अधीन रखने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही कस्बे के भीतर व्यावसायिक गतिविधियों के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत अन्य भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया था।

प्रशासन की इस पहल का मकसद बाजारों में यातायात सुचारु रखना, व्यापारियों को राहत देना तथा राहगीरों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। लेकिन आदेश लागू होने के पहले ही दिन भारी ट्रकों का नगर के बीच से गुजरना व्यवस्था की निगरानी पर सवाल खड़े कर रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि प्रतिबंधित वाहनों की आवाजाही इसी तरह जारी रही तो नो एंट्री लागू करने का उद्देश्य पूरा नहीं हो सकेगा। लोगों ने प्रशासन से आदेश का सख्ती से पालन कराने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस खुले उल्लंघन को गंभीरता से लेकर जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करता है या नो एंट्री का आदेश केवल कागजों तक सीमित रह जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now