बॉलीवुड एक्ट्रेस अनन्या पांडे और एक्टर लक्ष्य इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ को लेकर काफी सुर्खियों में हैं। हाल ही में रिलीज हुए फिल्म के ट्रेलर में, दोनों की रोमांटिक केमिस्ट्री देखने को मिली, जिसके बाद से ही फैंस दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री के लिए बेताब हैं। हालांकि, फिल्म की रिलीज से ठीक पहले फैंस को निराश करने वाली खबर सामने आई है। खबर के मुताबिक, सेंसर बोर्ड ने फिल्म के कुछ रोमांटिक सीन्स पर कैंची चला दी है।

सेंसर बोर्ड ने हटाए 96 सेकंड के इंटीमेट सीन्स

फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ को सिनेमाघरों में रिलीज करने से पहले मेकर्स को सेंसर बोर्ड की प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन ने फिल्म को ‘U/A 16+’ सर्टिफिकेट देने से पहले इसमें कई बड़े बदलाव करने के निर्देश दिए।

 

खबरों की मानें तो बोर्ड ने फिल्म से करीब 96 सेकंड के किसिंग और इंटीमेट सीन्स हटवाए हैं। इसमें एक 10 सेकंड का किसिंग सीन शामिल है, जिसे हटाकर उसकी जगह दूसरे विजुअल्स डालने को कहा गया। इसके अलावा, लगभग 1 मिनट 26 सेकंड लंबे लिप-लॉक सीन्स को भी फिल्म से पूरी तरह डिलीट कर दिया गया है। इन सारे कट्स के बाद ही फिल्म को सेंसर सर्टिफिकेट मिल सका।

 

चाइल्ड आर्टिस्ट्स को लेकर भी पूरी करनी पड़ी औपचारिकताएं

सीन्स पर कैंची चलाने के साथ-साथ सेंसर बोर्ड ने मेकर्स के सामने एक और शर्त रखी थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, बोर्ड ने मेकर्स से फिल्म में काम करने वाले सभी चाइल्ड आर्टिस्ट्स के माता-पिता की सहमति से जुड़े जरूरी कानूनी दस्तावेज जमा करने को कहा था। इन सभी औपचारिकताओं और बदलावों को पूरा करने के बाद आखिरकार 8 मई को फिल्म को आधिकारिक सेंसर सर्टिफिकेट दे दिया गया।

 

इतनी होगी फिल्म की लंबाई और कब होगी रिलीज?

सेंसर बोर्ड के कट्स के बाद अब फिल्म का रनटाइम लगभग 2 घंटे 15 मिनट तय की गई है। इस फिल्म का निर्देशन विवेक सोनी ने किया है और बड़े पर्दे पर पहली बार अनन्या पांडे और लक्ष्य की जोड़ी एक साथ नजर आने वाली है। ‘चांद मेरा दिल’ एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जिसे धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनाया गया है। इसके निर्माताओं में करण जौहर, हीरू यश जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, सोमन मिश्रा और मारिके डीसूजा शामिल हैं। यह फिल्म इसी हफ्ते 22 मई को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now