टीवी के चर्चित स्टार कपल रहे आसिम रियाज (Asim Riaz) और हिमांशी खुराना (Himanshi Khurana) का विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। अब इस मामले में विशाल आदित्य सिंह (Vishal Aditya Singh) की भी एंट्री हो गई है। विशाल ने एक इंटरव्यू में आसिम और हिमांशी के विवाद पर अपनी राय रखी थी, जो आसिम को बिल्कुल पसंद नहीं आई।
इसके बाद आसिम रियाज और विशाल आदित्य सिंह के बीच सोशल मीडिया पर जमकर जुबानी जंग देखने को मिली। मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब हिमांशी और विशाल ने मिलकर आसिम पर ऐसा कमेंट कर दिया, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया है।
विशाल ने आसिम को दिया ‘रूठी हुई बुआ जी’ का टैग
दरअसल, हिमांशी खुराना ने विशाल आदित्य सिंह के एक पोस्ट पर कमेंट किया। उन्होंने लिखा कि उन्हें पॉडकास्ट में इस मामले पर बोलने की जरूरत नहीं थी। हिमांशी के इस कमेंट का विशाल ने भी मजेदार अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने लिखा, “उस पॉडकास्ट के बाद बुरा तुम्हें लगना चाहिए था, लेकिन बुआ जी रूठ गई हमारी।”
विशाल के इस जवाब में ‘बुआ जी’ का इशारा आसिम रियाज की तरफ माना जा रहा है। इसके बाद हिमांशी और विशाल की यह बातचीत सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और फैंस भी इस पर तरह-तरह के रिएक्शन दे रहे हैं।
