– परिजनों ने गलत इंजेक्शन लगाने का लगाया आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
– हालत बिगड़ने पर कई अस्पतालों में कराया गया उपचार, नहीं बच सकी जान
सिटी न्यूज फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। किशनपुर थाना क्षेत्र के नरौली गढ़ा गांव में मामूली बुखार-जुकाम से पीड़ित नौ वर्षीय बच्चे की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने विजयपुर स्थित झोलाछाप चिकित्सक पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नरौली गढ़ा निवासी संदीप कुमार का नौ वर्षीय पुत्र शशांक कई दिनों से जुकाम और बुखार से पीड़ित था। पिता उसे उपचार के लिए विजयपुर स्थित डॉ. मनोज कुमार के क्लीनिक पर ले गए। परिजनों के मुताबिक चिकित्सक ने बच्चे को इंजेक्शन लगाया। कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी।
बच्चे की हालत गंभीर होने पर परिजन उसे खागा स्थित मंथन अस्पताल ले गए। वहां उपचार के बाद भी हालत में सुधार न होने पर उसे फतेहपुर शहर के जेल रोड स्थित निजी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के दादा प्रदीप कुमार ने आरोप लगाया कि मामूली बुखार-जुकाम के उपचार के दौरान चिकित्सक ने इंजेक्शन लगाया था। इसके बाद बच्चे की हालत लगातार बिगड़ती चली गई।
परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने विजयपुर के उक्त चिकित्सक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीएमओ के निर्देश पर पीएचसी प्रभारी को भी मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस चिकित्सक की तलाश के साथ घटना की जांच में जुटी है।
